रायपुर। प्रदेश के नगरीय निकायों में मंगलवार, 11 फरवरी को मतदान होगा, जहां मतदाता महापौर और पार्षद प्रत्याशियों की किस्मत तय करेंगे। सोमवार को मतदान दलों को आवश्यक चुनाव सामग्री सौंपकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।
राजधानी रायपुर में सीधी टक्कर
रायपुर नगर निगम के 10 जोन और 70 वार्डों के लिए सेजबहार स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज से मतदान दलों को सामग्री दी गई। महापौर पद के लिए कांग्रेस से दीप्ति प्रमोद शर्मा और भाजपा से मीनल चौबे के बीच मुकाबला है।
बिलासपुर में 70 वार्ड, 509 पोलिंग बूथ
बिलासपुर नगर निगम में भाजपा की पूजा विधानी और कांग्रेस के प्रमोद नायक के बीच सीधी टक्कर है। यहां 70 वार्डों के लिए 509 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 5 लाख 6 हजार 162 मतदाता मतदान करेंगे।
अंबिकापुर में 143 बूथ, 8 संवेदनशील केंद्र
अंबिकापुर नगर निगम में कुल 1,21,454 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। 48 वार्डों में 143 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 8 को संवेदनशील घोषित किया गया है।
महासमुंद जिले में 6 नगरीय निकायों के लिए मतदान
महासमुंद जिले की तीन नगर पालिका (महासमुंद, बागबाहरा, सरायपाली) और तीन नगर पंचायत (तुमगांव, पिथौरा, बसना) में कुल 1,03,692 मतदाता मतदान करेंगे। मतदान के लिए कुल 144 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।
राजनांदगांव समेत अन्य शहरों में भी तैयारियां पूरी
राजनांदगांव नगर निगम, डोंगरगढ़ नगर पालिका, छुरिया, डोंगरगांव और एल्बी नगर पंचायतों के लिए भी चुनावी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मतदान दलों को कृषि उपज मंडी समिति के नव निर्मित गोदाम से ईवीएम और मतदान सामग्री वितरित कर रवाना किया गया।
प्रदेश भर में मतदान को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, और अब सभी की निगाहें मंगलवार को होने वाले मतदान पर टिकी हैं।