
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दो दोस्तों की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। दोनों युवकों के शव गांव के स्कूल परिसर में एक पेड़ से एक ही साड़ी के फंदे पर लटके मिले। हैरानी की बात यह है कि दोनों ने एक दिन पहले ही बर्थडे पार्टी मनाई थी और देर रात तक साथ में शराब पी थी। पुलिस फिलहाल इसे संदिग्ध मामला मानते हुए हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है।

यह पूरा मामला पुसौर थाना क्षेत्र के चिखली गांव का है। मृतकों की पहचान दीपक बरैठ (20) निवासी ग्राम तेतला और शिवशरण (21) निवासी ग्राम कटंगपाली के रूप में हुई है। शिवशरण मैकेनिक का काम करता था, जबकि दीपक मजदूरी करता था।

बर्थडे पार्टी के बाद रहस्यमयी मौत
जानकारी के मुताबिक, 9 मार्च को दीपक का जन्मदिन था। इस मौके पर दीपक अपने दोस्त शिवशरण और एक अन्य साथी लाभों के साथ पहले शिवशरण के घर गया। इसके बाद तीनों चिखली पहुंचे और कुछ देर साथ में घूमे। बाद में लाभों अपने घर लौट गया।

इसके बाद दीपक ने अपनी बाइक घर में खड़ी की और शिवशरण के साथ चिखली बाजार पहुंचकर जन्मदिन की पार्टी मनाई। दोनों ने वहां जमकर शराब पी। लेकिन अगले ही दिन सुबह गांव के शासकीय माध्यमिक शाला परिसर में बबूल के पेड़ पर दोनों के शव एक ही साड़ी के अलग-अलग छोर में लटके मिले।
सुबह ग्रामीणों ने देखी लाशें
मंगलवार सुबह जब ग्रामीण स्कूल परिसर से गुजर रहे थे, तब उन्होंने पेड़ पर दोनों युवकों को फांसी के फंदे पर लटका देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को नीचे उतारकर पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
मौके से शराब की बोतल बरामद
पुलिस को घटनास्थल से शराब की बोतल भी मिली है। फिलहाल पुलिस युवकों के परिजनों और दोस्तों से पूछताछ कर रही है ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
रायगढ़ के एसएसपी शशि मोहन सिंह के मुताबिक, मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि दोनों ने आत्महत्या की है या फिर इसके पीछे कोई और वजह है।
