
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोनी स्थित शासकीय आईटीआई में आयोजित न्यू ईयर पार्टी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में आईटीआई के शिक्षक और कर्मचारी संस्थान परिसर के भीतर ही न्यू ईयर पार्टी मनाते नजर आ रहे हैं, जहां तेज आवाज में फिल्मी गाने बजाकर जमकर डांस किया गया।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आईटीआई जैसे शैक्षणिक और तकनीकी प्रशिक्षण संस्थान के माहौल के विपरीत, वहां पार्टी का आयोजन किया गया। फिल्मी गानों पर ठुमके लगाते हुए शिक्षक और कर्मचारी दिखाई दे रहे हैं, जिससे संस्थान की गरिमा और अनुशासन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

इस घटना के सामने आने के बाद आईटीआई प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सवाल यह उठ रहा है कि क्या शासकीय प्रशिक्षण संस्थान परिसर में इस तरह की पार्टी की अनुमति है, और यदि नहीं, तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है।
वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा और प्रशिक्षण व्यवस्था से जुड़े लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है। अब देखना होगा कि मामले को लेकर उच्च अधिकारी और संबंधित विभाग क्या संज्ञान लेते हैं और दोषियों पर क्या कार्रवाई की जाती है।
