
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सर्करा से जुड़ा एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि स्कूल परिसर के भीतर छात्र जान जोखिम में डालकर कार और ट्रैक्टर से खतरनाक स्टंट कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि यह मामला स्कूल में आयोजित विदाई समारोह के दौरान का है। फेयरवेल पार्टी के बीच कुछ छात्र रील बनाने के जुनून में कार और ट्रैक्टर लेकर सीधे स्कूल कैंपस में घुस आए और तेज रफ्तार में स्टंटबाजी करने लगे। इसी दौरान कार और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
गनीमत रही कि हादसे में किसी छात्र को गंभीर चोट नहीं आई और सभी बाल-बाल बच गए। हालांकि टक्कर के बाद मौके पर मौजूद अन्य छात्र दहशत में आ गए। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह छात्र बेखौफ होकर स्कूल परिसर में वाहनों को दौड़ा रहे हैं, जबकि उन्हें रोकने वाला कोई नजर नहीं आता।
फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। हालांकि यह वीडियो कब का है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। मामले को लेकर स्कूल प्रबंधन और प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
