
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक बार फिर खुलेआम हथियार लहराने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो ने लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो आजाद चौक थाना क्षेत्र के रामकुंड बस्ती का है।

कुछ सेकेंड के इस वीडियो में एक युवक हाथ में चापड़ लेकर सड़क पर घूमते हुए नजर आ रहा है। युवक राह चलते लोगों को गालियां देता और उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होते ही स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए आजाद चौक थाना पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लिया है। प्रारंभिक जांच में युवक की पहचान राहुल जंघेल उर्फ मान्या सुर्वे के रूप में हुई है। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं इलाके में अक्सर होती रहती हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त और ठोस कार्रवाई की मांग की है। वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आ गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
