
बिलासपुर। बागेश्वर धाम के प्रमुख पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सोमवार को एकदिवसीय दौरे पर बिलासपुर के उस्लापुर स्थित मिनोचा कॉलोनी पहुंचे। जहां उनके आगमन को लेकर शहरवासियों में भारी उत्साह देखने को मिला। एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं। और श्रद्धालु उनकी एक झलक पाने को बेताब नजर आए।
पंडित धीरेंद्र शास्त्री के स्वागत में शहरवासियों ने जमकर आतिशबाजी की। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों के साथ उनका स्वागत किया गया। हर तरफ ‘जय बागेश्वर धाम’ के जयकारे गूंजते रहे। लोगों ने फूलों की वर्षा करते हुए उनका भव्य स्वागत किया। पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।

आपको बता दें कि, पंडित धीरेंद्र शास्त्री अपने दौरे के दौरान शहर में आयोजित विभिन्न धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। और उनका आगमन विशेष रूप से सामूहिक विवाह समारोह के लिए हुआ है। इस आयोजन में वे नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देंगे और उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना करेंगे।

बिलासपुर में आयोजित भव्य सामूहिक विवाह समारोह में पंडित शास्त्री विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वे मंच से नवदंपतियों को आशीर्वाद देंगे और उन्हें धर्म, संस्कार और सामाजिक मूल्यों का महत्व समझाएंगे। पंडित शास्त्री के इस दौरे को लेकर जिलेभर के श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है और प्रशासन ने भी सुरक्षा व व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं।
