
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर के देवीगंज रोड स्थित होटल देव के पास शुक्रवार शाम हुई फायरिंग की घटना की पुलिस ने पुष्टि कर दी है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल संचालक के तीन बॉडीगार्ड को हिरासत में ले लिया है, जबकि होटल संचालक हनी सिंह अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम व्यस्त देवीगंज रोड इलाके में दो राउंड फायरिंग की सूचना मिलते ही एएसपी अमोलक सिंह ढिल्लो, सीएसपी राहुल बंसल और कोतवाली थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके को घेराबंदी कर सुरक्षित किया और होटल देव में पहुंचकर जांच शुरू की।

फायरिंग की पुष्टि, लाइसेंसी हथियार मिले
पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि होटल के पास गोली चलाई गई थी। होटल संचालक के घर की तलाशी के दौरान पांच लाइसेंसी हथियार मिले, जिन्हें वैध पाए जाने पर मौके पर ही छोड़ दिया गया। वहीं होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले गए।
शनिवार सुबह पुलिस टीम दोबारा होटल पहुंची और जांच को आगे बढ़ाया, लेकिन होटल संचालक हनी सिंह अपने घर पर नहीं मिले। इस दौरान उनके घर से एक एयरगन जब्त की गई। होटल में गार्ड की ड्यूटी कर रहे तीन कर्मचारियों को पुलिस गांधीनगर थाने ले जाकर पूछताछ कर रही है।

पुराना विवाद बना फायरिंग की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि होटल संचालक हनी सिंह और नवापारा निवासी चुन्नू सिंह के बीच पहले से विवाद चल रहा था। कुछ दिन पूर्व दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिस पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की थी। हालांकि दोनों पक्षों ने थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।
शुक्रवार शाम फिर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद चुन्नू सिंह और उसके साथियों ने हनी सिंह का पीछा किया। बताया जा रहा है कि जान बचाने के लिए हनी सिंह भागते हुए होटल देव पहुंचा, इसी दौरान फायरिंग की घटना हुई। घटना के बाद से चुन्नू सिंह भी फरार बताया जा रहा है।

राजनीतिक दबाव की चर्चा, पुलिस सतर्क
सूत्रों के अनुसार, इस पूरे मामले में राजनीतिक दबाव की भी चर्चाएं सामने आ रही हैं। इसी वजह से पुलिस अधिकारी फिलहाल कार्रवाई और जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी देने से बचते नजर आ रहे हैं। हालांकि ASP अमोलक सिंह ने इतना जरूर कहा है कि मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, लेकिन कार्रवाई की प्रकृति और आगे की दिशा को लेकर उन्होंने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और हिरासत में लिए गए बॉडीगार्ड से पूछताछ के आधार पर जल्द ही फायरिंग की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।
