
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में देर रात एक बार संचालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना तारबाहर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां अमिगोज बार के संचालक ने कांग्रेस नेता और उनके साथियों पर हमला करने का आरोप लगाया है।

जानकारी के मुताबिक, भारतीय नगर निवासी मो. तौसिफ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार देर रात करीब 12:50 बजे उसे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव नाजिम खान का फोन आया। फोन पर कथित तौर पर शराब की मांग की गई, लेकिन बार बंद होने का हवाला देते हुए तौसिफ ने मना कर दिया। आरोप है कि इसके बाद फोन पर ही गाली-गलौज और धमकी दी गई।

कुछ देर बाद नाजिम खान अपने दो साथियों के साथ बार पहुंचे और फिर से शराब की मांग की। तौसिफ के अनुसार, जब उसने दोबारा मना किया तो आरोपियों ने शराब के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि डंडे से सिर पर वार किया गया, जबकि अन्य साथियों ने भी हाथ-मुक्कों से हमला किया।

घटना के दौरान पुलिस पेट्रोलिंग वाहन का सायरन सुनते ही तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल बार संचालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अगले दिन उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, कांग्रेस नेता नाजिम खान ने सभी आरोपों को नकारते हुए कहा कि विवाद शराब को लेकर नहीं, बल्कि बार के पीछे पार्किंग को लेकर हुआ था। उनके मुताबिक, गाड़ी खड़ी करने को लेकर बहस हुई थी, जिसे गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर सच्चाई सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।
