
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 1 नवम्बर को आयोजित होने वाले राज्योत्सव समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के इस विशेष प्रवास को देखते हुए नवा रायपुर क्षेत्र में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं। रायपुर यातायात पुलिस ने आम नागरिकों, आगंतुकों और व्हीआईपी अतिथियों के सुगम आवागमन के लिए विस्तृत रूट प्लान और पार्किंग व्यवस्था तय की है।

राज्योत्सव स्थल तक पहुंचने के लिए नागरिकों की सुविधा के अनुसार कुल छह रूट निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक रूट के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल भी तय किए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की भीड़ या अव्यवस्था न हो।
रूट-01
रायपुर शहर, धरसींवा, तिल्दा, खरोरा, बलौदाबाजार, बिलासपुर, बेमेतरा और मुंगेली दिशा से आने वाले नागरिक रिंग रोड-03 से होकर राजू ढाबा के सामने, सेरीखेड़ी ब्रिज, एयरपोर्ट टर्निंग, स्टेडियम टर्निंग, रेलवे स्टेशन रोड, कयाबांधा अंडरब्रिज, रैक बैंक मोड़ और सेक्टर-22 टर्निंग से होकर पार्किंग स्थल पी-15 पर वाहन पार्क करेंगे। यहां से राज्योत्सव स्थल तक पैदल पहुंचने की व्यवस्था रहेगी।
रूट-02
आरंग, खरोरा, महासमुंद और बलौदाबाजार से आने वाले नागरिक आरंग-लखौली-नवागांव रेल्वे क्रॉसिंग-क्रिकेट स्टेडियम-सेंध तालाब-सत्यसांई अस्पताल चौक-मंदिर हसौद मार्ग तिराहा-स्टेडियम टर्निंग-चंदूलाल चंद्राकर चौक होकर पार्किंग स्थल पी-15 में अपने वाहन पार्क कर सकते हैं।
रूट-03
अभनपुर, धमतरी, बालोद और दुर्ग से बसों के माध्यम से आने वाले यात्री मोनफोर्ड स्कूल-हिदायतुल्ला लॉ यूनिवर्सिटी-ट्रिपल आईटी चौक-उपरवारा चौक-मुक्तांगन तिराहा होकर पहुंचेंगे। यहां मुक्तांगन पार्किंग पी-12, रेलवे स्टेशन पार्किंग पी-13 और गोल्फ मैदान पार्किंग पी-14 में बसों की व्यवस्था होगी।
रूट-04
इसी दिशा से आने वाली कारें व निजी चारपहिया वाहन अभनपुर-बकतरा-केन्द्री-बेन्द्री मोड़-मिंटू पब्लिक स्कूल-निमोरा प्रशासनिक अकादमी होते हुए निमोरा पार्किंग स्थल पी-11 में पार्क की जाएंगी।
रूट-05
रायपुर, दुर्ग, बालोद, खैरागढ़ और राजनांदगांव से आने वाले वाहनों के लिए पचपेड़ीनाका-बोरियाकला-माना बस्ती-तूता मार्ग तय किया गया है। यहां तूता मैदान पी-08, इंडियन तड़का ढाबा पार्किंग पी-09 और दालमिल मार्ग के पीछे पार्किंग पी-10 में वाहन पार्क होंगे।
रूट-06
गोबरा नवापारा, राजिम और गरियाबंद से आने वाले नागरिक राजिम-खण्डवा जंगल सफारी-ट्रिपल आईटी चौक-मुक्तांगन तिराहा होकर पी-12, पी-13 और पी-14 पार्किंग स्थलों में वाहन पार्क कर सकेंगे।
दोपहिया वाहन पार्किंग
राज्योत्सव स्थल के सामने धरना स्थल के दोनों ओर पार्किंग स्थल पी-05, पी-06 और पी-07 में दोपहिया वाहन पार्क करने की व्यवस्था की गई है।
मालवाहक वाहनों पर रोक
कार्यक्रम के दिन नवा रायपुर क्षेत्र में मध्यम एवं भारी मालवाहक वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। निर्माण कार्य से जुड़े ट्रक और सामग्री वाहन भी इस दिन प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था
प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर की होगी। राज्योत्सव स्थल में प्रवेश से पहले प्रत्येक व्यक्ति की विस्तृत सुरक्षा जांच की जाएगी। नागरिक अपने साथ शराब, नशीले पदार्थ, लाइटर, माचिस, पटाखा, लाठी-डंडे, चाकू, तलवार, हथियार, बैनर-पोस्टर, साउंड सिस्टम, लैपटॉप या किसी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट लेकर नहीं जा सकेंगे।
हवाई यात्रियों के लिए सूचना
प्रधानमंत्री मोदी का आगमन माना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल से होगा। सुरक्षा कारणों से उस दिन नए टर्मिनल में आम यात्रियों को कुछ असुविधा हो सकती है। यात्रियों की सुविधा के लिए पुराना टर्मिनल खुला रहेगा, जहां से वे अपने आवागमन की योजना बना सकते हैं।
यातायात विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि सभी लोग निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का पालन करें, अनावश्यक भीड़ या गलत स्थान पर पार्किंग से बचें। किसी भी असुविधा से बचने के लिए समय से पहले निकलें और यातायात पुलिस का सहयोग करें, ताकि राज्योत्सव के ऐतिहासिक आयोजन में सभी का अनुभव सुखद और सुरक्षित हो सके।
