
रायपुर। राजधानी रायपुर के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और सूदखोर तोमर बंधुओं पर पुलिस ने आखिरकार बड़ी कार्रवाई की है। लंबे समय से फरार चल रहे भाइयों में से एक वीरेंद्र तोमर उर्फ रूबी तोमर को पुलिस ने मध्यप्रदेश के ग्वालियर से गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि रायपुर पुलिस की पुरानी बस्ती थाना टीम और क्राइम ब्रांच ने संयुक्त रूप से यह ऑपरेशन चलाया। कई दिनों से चल रही निगरानी और खुफिया इनपुट्स के आधार पर टीम ने ग्वालियर में दबिश दी और वीरेंद्र तोमर को हिरासत में ले लिया। अब पुलिस उसे सड़क मार्ग से रायपुर लेकर आने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, तोमर बंधुओं के खिलाफ रायपुर पुलिस में अवैध सूदखोरी, धमकी, वसूली, धोखाधड़ी और रंगदारी वसूलने के कई मामले दर्ज हैं। शहर में दोनों भाइयों का नाम अपराध जगत में लंबे समय से चर्चा में रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, दोनों भाई न केवल ऊंचे ब्याज पर रकम उधार देते थे, बल्कि पैसे लौटाने में देरी करने वालों को धमकी देकर उनसे संपत्ति और पैसे भी वसूलते थे। कई शिकायतों के बाद पुलिस ने इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की थी, जिसके तहत उनके ठिकानों पर पिछले महीनों में कई बार छापेमारी की गई थी। इन छापों में पुलिस को ब्लैंक चेकबुक, बड़ी मात्रा में नगद राशि, कई हथियार, कारतूस और कई लोगों के नाम से लिखे लेनदेन के दस्तावेज मिले थे।

बता दें कि, एफआईआर दर्ज होने के बाद दोनों आरोपी 2 जून से फरार थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने कानूनी रास्ते अपनाए और हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका भी दायर की, लेकिन अदालत ने दोनों की याचिका खारिज कर दी। हालांकि, कोर्ट ने दोनों की पत्नियों और भतीजे की अग्रिम जमानत याचिका को स्वीकार कर ली है। इसके बाद से ही पुलिस लगातार दोनों की लोकेशन ट्रेस कर रही थी। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों भाई गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपनी लोकेशन बदलते रहे और छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश की सीमाओं के बीच लगातार मूव करते रहे ताकि पुलिस की पकड़ में न आएं।

आखिरकार, पुलिस को एक पुख्ता सूचना मिली कि वीरेंद्र तोमर ग्वालियर के एक आवास में छिपा हुआ है। इसके बाद पुरानी बस्ती थाना और क्राइम ब्रांच की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वहां दबिश दी और बिना किसी विरोध के उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारियों ने उसकी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।

फिलहाल पुलिस अब उसके भाई रोहित तोमर की तलाश में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि रोहित भी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है और कई बार मोबाइल बंद रखता है ताकि पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस न कर सके। पुलिस टीम उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। रायपुर लाए जाने के बाद वीरेंद्र तोमर से पूछताछ कर पुलिस उससे जुड़ी और जानकारियां जुटाएगी, जिससे उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य सहयोगियों का भी खुलासा हो सके।
