
बिलासपुर। प्रेस क्लब गृह निर्माण सहकारी समिति मर्यादित, बिलासपुर के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपाध्यक्ष इरशाद अली के नेतृत्व में सीएम विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात कर बिरकोना स्थित पत्रकार कॉलोनी से जुड़ी लंबे समय से लंबित समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल द्वारा मुख्यमंत्री को दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे गए। पहले ज्ञापन में बिरकोना स्थित पत्रकार कॉलोनी में नाली निर्माण एवं सीमेंट कंक्रीट (सीसी) सड़क के लिए प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति की मांग की गई। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि पक्की नालियों और सीसी रोड के अभाव में वर्षा ऋतु के दौरान कॉलोनी में जलभराव, कीचड़ और गंदगी की स्थिति बन जाती है, जिससे रहवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कॉलोनी में निवासरत सभी परिवार पत्रकारिता से जुड़े हैं, जो निरंतर लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं, ऐसे में बुनियादी सुविधाओं की कमी चिंताजनक है।

दूसरे ज्ञापन के माध्यम से ग्राम बिरकोना, तहसील एवं जिला बिलासपुर स्थित शासकीय भूमि के आवंटन से जुड़े प्रकरण में शीघ्र निर्णय की मांग रखी गई। समिति द्वारा पत्रकार सदस्यों के आवासीय उपयोग हेतु खसरा नंबर 1260/1 एवं 1340/3 में से कुल 5 एकड़ शासकीय भूमि आवंटन के लिए आवेदन किया गया है। यह प्रस्ताव कलेक्टर बिलासपुर के माध्यम से आयुक्त बिलासपुर संभाग और वहां से मंत्रालय, रायपुर भेजा जा चुका है, जो वर्तमान में मंत्रालय स्तर पर लंबित है।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि जनहित और पत्रकारों की आवासीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सड़क-नाली निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी जाए तथा भूमि आवंटन प्रकरण पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए, ताकि आवासीय योजना को मूर्त रूप दिया जा सके।

सीएम विष्णुदेव साय ने दोनों ही विषयों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। उल्लेखनीय है कि ज्ञापन सौंपने का निर्णय हाल ही में समिति की डायरेक्टर मंडल की बैठक में लिया गया था।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष संजीव पांडेय, उपाध्यक्ष इरशाद अली सहित अनेक वर्तमान व पूर्व पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें कमलेश शर्मा, गोपीनाथ डे, दिलीप यादव, लोकेश वाघमारे, रमेश राजपूत, अखलाख खान, पंकज गुप्ते, उषा सोनी, जेपी अग्रवाल, श्याम पाठक, हृदेश केसरी, गोविंद शर्मा, राकेश प्रताप सिंह, अमित संतवानी, अनुज श्रीवास्तव, उत्पलसेन गुप्ता, नरेंद्र सिंह, घनश्याम गंधर्व, निशांत तिवारी, शाहिद अली, छवि कश्यप, सूर्य प्रकाश सहित अन्य पत्रकार शामिल रहे।
