
कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली। थप्पड़ मारने की रंजिश में आरोपी ने युवक का सिर काटकर बेरहमी से हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगा दिया। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।

जंगल में मिली सिर विहीन लाश
घटना विश्रामपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम चनाभरी की है। 5 दिसंबर को चनाभरी जंगल में एक युवक का बिना सिर का शव मिलने पर पुलिस और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। कपड़ों के आधार पर मृतक की पहचान लछीन्दर पांडे (24) निवासी बाड़ागांव के रूप में हुई।

17 वार कर की हत्या, सिर को अलग कर थैली में भरा
जांच के दौरान पता चला मृतक और आरोपी श्यामलाल नेताम (26) के बीच पहले विवाद हुआ था। आरोप है कि हाल ही में एक झगड़े के दौरान लछीन्दर ने श्यामलाल को थप्पड़ मार दिया था। इसी बात से गुस्साए श्यामलाल ने उसे बहला-फुसलाकर जंगल बुलाया और कुल्हाड़ी से लगातार 17 वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने सिर धड़ से अलग किया, सिर को थैली में भरकर तालाब किनारे दफना दिया और धड़ को जंगल में फेंक दिया।

एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
पुलिस ने शक के आधार पर मुख्य आरोपी श्यामलाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। वहीं दूसरे आरोपी रामू नेताम की तलाश पुलिस कर रही है। पुलिस ने मामले में हत्या सहित सबूत नष्ट करने के आरोपों में कार्रवाई की है। इस बर्बर हत्या के खुलासे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।
