Saturday, March 28, 2026
Homeअपराधसड़क हादसा: स्कूटी सवार महिला पत्रकार को ट्रक ने कुचला, हादसे के...

सड़क हादसा: स्कूटी सवार महिला पत्रकार को ट्रक ने कुचला, हादसे के बाद फरार हुआ ट्रक चालक, पैर काटने की नौबत, हालत नाजुक, इलाज जारी…

रायपुर। छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर के तेलीबांधा इलाके से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक महिला पत्रकार गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में महिला के दोनों पैरों को भारी नुकसान पहुंचा है और एक पैर काटने तक की नौबत आ गई है। घायल महिला की पहचान गायत्री सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से पत्रकार हैं।

घटना 18 दिसंबर की रात करीब साढ़े 9 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, गायत्री सिंह स्कूटी से अपने घर लौट रही थीं। जैसे ही वह तेलीबांधा क्षेत्र में सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का पहिया उनके पैरों पर चढ़ गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं और सड़क पर ही गिर पड़ीं।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल महिला की मदद की और उन्हें इलाज के लिए पहले डॉ. भीमराव अंबेडकर मेमोरियल अस्पताल (मेकाहारा) के कैजुअल्टी ट्रामा यूनिट में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार दिया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें कमल विहार स्थित VY हॉस्पिटल में रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

डॉक्टरों के मुताबिक, गायत्री सिंह की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। जिस पैर पर ट्रक का पहिया चढ़ा था, वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है और उसे ऑपरेशन के जरिए हटाने की तैयारी की जा रही है। वहीं, उनके बाएं पैर में भी ब्लड सर्कुलेशन नहीं हो पा रहा है, जिससे उसे भी काटने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल डॉक्टरों ने उन्हें ऑपरेशन थिएटर में रखा है और अगले दो दिनों तक ऑब्जरवेशन में रखने की बात कही है।

तेलीबांधा थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि यह घटना अचानक हुई और घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने ट्रक और चालक की पहचान के लिए इलाके के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।

इस दर्दनाक घटना के बाद गायत्री सिंह के परिवार में गहरा सदमा है। वहीं, मीडिया जगत में भी इस घटना को लेकर चिंता और आक्रोश का माहौल है। पत्रकार संगठनों और उनके सहयोगियों ने प्रशासन से आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी और पीड़िता को हर संभव सहायता देने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है और घायल पत्रकार के जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts