
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि छुरा क्षेत्र के सारागांव पापराही के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई है। नायब तहसीलदार दोनोश साहू के सरकारी बोलेरो वाहन और एक बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो वाहन तेज़ रफ्तार में अनियंत्रित होकर खेत में जा पलटी, जिससे वाहन को भी भारी नुकसान हुआ। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि आसपास मौजूद ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से छुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

फिलहाल घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है और दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंचकर घटना की जांच में जुट गई है।

सूत्रों के अनुसार, नायब तहसीलदार दोनोश साहू के सरकारी वाहन से हादसा हुआ है , हालांकि वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
यह हादसा एक बार फिर से सवाल खड़ा करता है कि ग्रामीण इलाकों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था कितनी कारगर है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
