
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में नेशनल हाईवे-130 पर स्थित एक पेट्रोल पंप में लूट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बाइक से आए तीन युवकों ने पहले पेट्रोल भरवाया और इसके बाद पंप कर्मचारी के साथ मारपीट कर नकद 28 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। यह पूरी घटना 11 जनवरी की रात रतनपुर थाना क्षेत्र की है, जो पंप में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।

अंबिकापुर में पीडीएस दुकान को बनाया निशाना
वहीं दूसरी ओर अंबिकापुर जिले में सरकारी राशन प्रणाली पर बड़ा हमला हुआ है। 8 जनवरी की रात ग्राम कोरजा स्थित पीडीएस दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने बड़ी मात्रा में राशन सामग्री पर हाथ साफ कर दिया। चोर करीब 13 क्विंटल चना, 4 क्विंटल शक्कर और 7 क्विंटल चावल चुरा ले गए। चोरी गई सामग्री की कीमत लगभग 30 हजार 800 रुपये आंकी गई है।
सुबह खुलासा, ताले टूटे मिले
जानकारी के मुताबिक, यह वारदात 7 जनवरी की रात को अंजाम दी गई। अगले दिन सुबह जब दुकान खोली गई तो ताले टूटे हुए थे और अंदर रखा सारा राशन गायब मिला। पीडीएस संचालक शिवनारायण सिंह ने लखनपुर थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 331(4), 305A और 305E के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संगठित गिरोह की आशंका
पुलिस का कहना है कि इससे पहले भी कोसगां, केवरा और कुंवरपुर क्षेत्रों में इसी तरह की चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसे में किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।
