
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर के बीचोंबीच दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया है। चोपड़ापारा स्थित V2 मॉल के सामने अज्ञात बदमाशों ने एक महिला को निशाना बनाते हुए लाखों का सोना लूट लिया। जानकारी के मुताबिक, पैदल घर जा रही महिला के हाथों से दो कंगन और गले से सोने की चैन झपटकर आरोपी मौके से फरार हो गए। लूटे गए जेवरों की कीमत लगभग चार लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दो बाइक पर सवार चार युवक अचानक वहां पहुंचे और महिला को घेर लिया। वारदात इतनी तेजी से हुई कि महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले ही आरोपी जेवर छीनकर भाग निकले। घटना से आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों में दहशत फैल गई।

घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। लेकिन शहर में लगे ज्यादातर सीसीटीवी कैमरे खराब होने की वजह से पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में बड़ी दिक्कत आ रही है। इस वजह से पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि अगर कैमरे सही हालत में होते तो अपराधियों को जल्द पकड़ा जा सकता था।

लगातार बढ़ रहे आपराधिक घटनाओं से अंबिकापुर के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। खासकर दिनदहाड़े हुई इस लूट ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है, लेकिन तब तक शहरवासी असुरक्षा की भावना से घिरे हुए हैं।
