
बिलासपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग और पेट्रोल पंपों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले संगठित गिरोहों पर बिलासपुर पुलिस ने बड़ी और निर्णायक कार्रवाई की है। दो अलग–अलग लेकिन आपस में जुड़ी लूट की वारदातों का खुलासा करते हुए पुलिस ने कुल 6 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से देशी कट्टा, कारतूस, धारदार चाकू, चोरी की पल्सर बाइक, मोबाइल फोन और नगदी बरामद की गई है।यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में एसीसीयू (सायबर सेल) तथा थाना कोनी और थाना रतनपुर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

पहला मामला: हाईवे लूट के दौरान ट्रक हेल्पर की हत्या
दरअसल, 17 अगस्त 2025 को कोरिया जिले के बैकुंठपुर निवासी राज सिंह अपने हेल्पर पारस केंवट के साथ सीमेंट से भरा ट्रक लेकर मनेंद्रगढ़ जा रहे थे। सुबह करीब 4:30 बजे गतौरी के पास ट्रक का टायर पंचर हो गया। इसी दौरान पल्सर मोटरसाइकिल से पहुंचे तीन बदमाशों ने चाकू दिखाकर 6000 रुपये नकद और मोबाइल लूट लिया।
लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने हेल्पर पारस केंवट पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पारस की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस जघन्य अपराध से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने कोनी, हिर्री और चकरभाठा थाना क्षेत्र में भी लूट की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।

दूसरा मामला: देशी कट्टा दिखाकर पेट्रोल पंप में लूट
दूसरी बड़ी घटना 11 जनवरी 2026 को सामने आई। ग्राम जाली स्थित बी.बी. पेट्रोल पंप में रात करीब 11 बजे पल्सर बाइक से आए तीन युवकों ने पेट्रोल भरवाने के बाद रिवॉल्वर जैसा हथियार दिखाकर करीब 15 हजार रुपये नकद लूट लिए और फरार हो गए।
पेट्रोल पंप कर्मचारी बसंत कुमार कैवर्त की रिपोर्ट पर थाना रतनपुर में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने यहां भी 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्य और लोकल इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपियों को बेलतरा के पास घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने रतनपुर पेट्रोल पंप के अलावा चैतमा (कोरबा) और पाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी लूट की घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया।

पुलिस टीम को इनाम की घोषणा
दोनों मामलों के सफल खुलासे पर एसएसपी बिलासपुर ने पुलिस अधिकारियों और जवानों की सराहना करते हुए नगद इनाम देने की घोषणा की है। सभी आरोपियों को संबंधित धाराओं के तहत न्यायालय में पेश कर दिया गया है।

बरामद सामग्री –
चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल
देशी कट्टा व कारतूस
धारदार चाकू
मोबाइल फोन
नगदी रकम
गिरफ्तार आरोपी –
1. वेद प्रकाश वैष्णव (23 वर्ष) – निवासी कोरबा
2. अभिषेक प्रजापति (22 वर्ष) – निवासी पाली
3. कपिल पटेल (21 वर्ष) – निवासी पाली
4. जय दिवाकर (20 वर्ष) – निवासी तिफरा
5. सूरज साहू (20 वर्ष) – निवासी तिफरा
6. प्रदीप धुरी (19 वर्ष) – निवासी तिफरा
