
रायपुर। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच जलमार्ग से गैस आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की अफवाहें फैल रही हैं। इस बीच छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि राज्य में रसोई गैस सहित पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार मौजूद है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश में एलपीजी की उपलब्धता को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार ने सभी जिलों के अधिकारियों को रसोई गैस की सप्लाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही गैस एजेंसियों के स्टॉक की नियमित मॉनिटरिंग करने और आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार नजर रखने को कहा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कहीं गैस की कालाबाजारी या अनियमितता की शिकायत मिलती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से बचें और जरूरत के मुताबिक ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करें। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के नागरिकों को आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सतर्क है।
मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी पोस्ट कर कहा कि राज्य में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। सभी जिलों के अधिकारियों को गैस आपूर्ति की निगरानी करने और किसी भी तरह की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
