
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ठगी और धमकी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। डीडी नगर थाना क्षेत्र में एनआईटी कैंपस में पदस्थ एक सिक्योरिटी अफसर के साथ मकान निर्माण के नाम पर करीब 20 लाख रुपए की धोखाधड़ी की गई। इतना ही नहीं, जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो उसे अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम और छोटा शकील के नाम से जान से मारने की धमकी दिलाई गई।

पुलिस के मुताबिक, एनआईटी कैंपस में तैनात सिक्योरिटी अफसर बलराम नायक ने अवंति विहार निवासी ठेकेदार दिनेश देवांगन (मेसर्स पुनिवर्सल ब्रिक्स) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने महादेव घाट रोड स्थित सुदर्शन विहार में अपने मकान के पुनर्निर्माण का काम दिनेश देवांगन को सौंपा था।

शिकायत के अनुसार, साल 2024 से 2025 के बीच उन्होंने अलग-अलग किश्तों में करीब 20 लाख रुपए ठेकेदार को दिए, लेकिन ठेकेदार ने काम अधूरा छोड़ दिया। जब बलराम नायक ने काम पूरा करने या रकम लौटाने की बात कही, तो ठेकेदार ने टालमटोल शुरू कर दी।

आरोप है कि बाद में ठेकेदार ने एक व्यक्ति से फोन करवाया, जिसने खुद को अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम और छोटा शकील का करीबी बताते हुए पीड़ित को धमकाया। फोन करने वाले ने कहा कि अगर दोबारा पैसे मांगे गए तो गोली मरवा दी जाएगी। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि ठेकेदार ने कुछ गुंडों की मदद से फर्जी इकरारनामे पर जबरन हस्ताक्षर कराने और ब्लैकमेल करने की भी कोशिश की।
लगातार धमकियों और टालमटोल से परेशान होकर आखिरकार बलराम नायक ने डीडी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी ठेकेदार दिनेश देवांगन के खिलाफ धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
