
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए किराए के मकान में चल रहे देह व्यापार का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से सेक्स रैकेट संचालित कर रहे दो युवकों सहित तीन युवतियों को पकड़ा है। बताया जा रहा है कि युवतियों को बाहर से बुलाया गया था।

मुखबिर की सूचना पर छापा
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि केलो बिहार कॉलोनी स्थित एक मकान में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना मिलते ही एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में थाना चक्रधरनगर और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई।

पुलिस ने ग्राहक बनाकर भेजा व्यक्ति
कार्रवाई की पुष्टि के लिए पुलिस ने पहले एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर मकान में भेजा। संकेत मिलते ही टीम ने मकान को घेरकर छापा मारा। अंदर तीन महिलाएं, मुख्य आरोपी डिंपी उर्फ राहुल इजारदार और एक अन्य व्यक्ति नागेंद्र विश्वकर्मा मौजूद मिले।

किराए के मकान से चल रहा था पूरा नेटवर्क
जांच में सामने आया कि आरोपी राहुल इजारदार मकान किराए पर लेकर महिलाओं को पैसों का लालच देकर देह व्यापार में धकेलता था और खुद इसका संचालन करता था। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन, नकदी और आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है।

इन धाराओं में केस दर्ज
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना चक्रधरनगर में अनैतिक देह व्यापार (पीटा) अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
गिरफ्तार आरोपी
- डिंपी उर्फ राहुल इजारदार (40) — केलो बिहार, रायगढ़
- नागेंद्र विश्वकर्मा (35) — कोतरारोड, रायगढ़
