
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पसान थाना क्षेत्र के ग्राम अमझर में एक पिता ने रिश्तों की सारी मर्यादाएं तोड़ते हुए अपनी ही नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म किया।

जानकारी के अनुसार, आरोपी की पत्नी उसके दबावपूर्वक संबंध बनाने के व्यवहार से परेशान होकर कुछ समय के लिए अपने रिश्तेदार के घर चली गई थी। इसी दौरान घर में अकेली मौजूद 13 वर्षीय नाबालिग बेटी को देखकर आरोपी की नीयत बिगड़ गई। उसने मौके का फायदा उठाते हुए हैवानियत को अंजाम दिया।

घटना के बाद डरी-सहमी बच्ची ने रात में अपनी मां को पूरी आपबीती बताई। अगले दिन पीड़िता और उसकी मां थाने पहुंचीं और मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और पीड़िता को आवश्यक सहायता मुहैया कराई जा रही है।
