Wednesday, February 11, 2026
Homeअपराधरफ्तार का कहर: यातायात जागरूकता माह में भी नहीं थमे हादसे, बस...

रफ्तार का कहर: यातायात जागरूकता माह में भी नहीं थमे हादसे, बस पलटी तो स्कॉर्पियो के उड़े परखच्चे…!

रायपुर। छत्तीसगढ़ में यातायात जागरूकता माह के बावजूद सड़क हादसों पर लगाम नहीं लग पा रही है। रविवार को राज्य के अलग-अलग जिलों में हुए दो सड़क हादसों में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, हालांकि राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में किसी की जान नहीं गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पहली घटना जशपुर जिले के फरसाबहार थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकरीमा के पास हुई। माटीपहाड़छर्रा से जशपुर की ओर जा रही बालाजी ट्रेवल्स की एक यात्री बस अचानक सड़क पर आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। समाचार लिखे जाने तक घायलों की सटीक संख्या की पुष्टि नहीं हो सकी है।

दूसरा हादसा बलौदा बाजार जिले के मल्लिन नाला के समीप डोटोपार क्षेत्र में रविवार सुबह हुआ। यहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का आगे का टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन सामने से आ रहे एक टेलर से जा भिड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें एक महिला भी शामिल है। सभी यात्री कसडोल के वार्ड क्रमांक 8 के निवासी बताए जा रहे हैं, जो रायपुर में आयोजित सत्संग कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।

हादसे में स्कॉर्पियो चालक वाहन के भीतर बुरी तरह फंस गया था। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया। दुर्घटना में सभी सवार घायल हुए हैं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया, वहीं गंभीर रूप से घायल दो लोगों को पुलिस वाहन से लवन अस्पताल रेफर किया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts