
कांकेर/कोरबा। छत्तीसगढ़ में सड़क सुरक्षा माह अभियान चल रहा है, लेकिन तेज रफ्तार पर लगाम लगती नजर नहीं आ रही। बीते 24 घंटे के भीतर कांकेर और कोरबा जिलों में हुए अलग-अलग सड़क हादसों ने अभियान की हकीकत उजागर कर दी। इन घटनाओं में करीब 13 लोग घायल हुए हैं, जबकि कई लोग बाल-बाल बच गए।

कांकेर जिले के नेशनल हाईवे-30 पर पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास देर रात करीब 1:30 बजे स्कॉर्पियो और बोलेरो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में सवार करीब 13 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इसी जिले के कांकेर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तेलगरा में देर रात फलों से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पुल के नीचे जा पलटा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रक चालक को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
उधर, कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कोयले से भरा ट्रेलर छिर्रा न्यायालय के पास सड़क किनारे पलट गया। ट्रेलर से गिरा कोयला पास में खड़ी एक पिकअप वाहन पर जा गिरा, जिसमें चार लोग सवार थे। गनीमत रही कि सभी सुरक्षित बच गए। इस हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।
कोयला सड़क पर फैलने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से कोयला हटवाकर यातायात बहाल कराया। फिलहाल किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है, जबकि पुलिस सभी घटनाओं की जांच में जुटी हुई है।
