
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चाकूबाजी की घटनाएँ लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताज़ा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक युवक को अपनी बहन के साथ हुई छेड़छाड़ का विरोध करना भारी पड़ गया। आरोप है कि चार बदमाशों ने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

छेड़छाड़ का विरोध करना पड़ा महंगा
घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे की है। एक युवती के साथ चार लड़के छेड़छाड़ कर रहे थे। जब युवती के भाई रौनक पांडे ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर चाकू से 7 बार हमला कर दिया। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल रौनक को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

चारों आरोपी नामजद, गिरफ्तारी की कोशिश जारी
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने हर्ष सोनी, नवीन सोनी, रैंबों सौंदरे और ईशान दीप के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

राजनांदगांव में मेडिकल स्टोर के अंदर हमला
इधर राजनांदगांव से भी चाकूबाजी की एक गंभीर घटना सामने आई है। यहां महफूज खान नामक आरोपी ने मेडिकल स्टोर में घुसकर एक युवक पर कई बार चाकू से हमला कर दिया। युवक के बेहोश होकर गिरने के बाद आरोपी स्टाफ को धमकाते हुए भाग निकला। सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है।
