
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी (आप) ने संगठन विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए आज से ब्लॉक स्तरीय ‘छत्तीसगढ़ बचाओ यात्रा’ की शुरुआत कर दी है। इस यात्रा के जरिए पार्टी का लक्ष्य प्रदेश की 11,664 ग्राम पंचायतों और 20 हजार से अधिक गांवों तक अपनी पहुंच मजबूत करना है। इसके लिए ब्लॉक स्तर पर 400 से अधिक अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है।

आप के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष उत्तम जायसवाल ने बताया कि बीते दो महीनों में पार्टी ने लगातार मैराथन बैठकों का दौर चलाया। राष्ट्रीय संगठन महासचिव संदीप पाठक और सहप्रभारी मुकेश अहलावत के मार्गदर्शन में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करते हुए पूरे प्रदेश में 450 ब्लॉक अध्यक्षों की तैनाती की गई है।

उत्तम जायसवाल ने कहा कि संसाधन सीमित होने के बावजूद पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता के साथ इस अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि ‘छत्तीसगढ़ बचाओ यात्रा’ के बाद आम आदमी पार्टी प्रदेश में एक नए और सशक्त रूप में जनता के सामने आएगी।

यात्रा की तैयारी को लेकर लोकसभा और जिला स्तर पर अहम संगठनात्मक बैठकें आयोजित की गईं। वहीं विधानसभा और बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और आगामी निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए रणनीतिक योजना पर विस्तृत चर्चा की गई है।
