
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई-3 थाना क्षेत्र अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर छोटी पुलिया के पास स्थित नहर से मंगलवार सुबह एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया। सुबह करीब 8 बजे स्थानीय लोगों ने नहर के पानी में औंधे मुंह पड़े शव को देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को नहर से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान खुर्सीपार गौतम नगर निवासी सतीश प्रसाद (44 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला अस्पताल की मॉर्चुरी भेज दिया है।

भिलाई-3 थाना प्रभारी अंबर सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक शराब पीने का आदी था। वह अक्सर नशे की हालत में घर से बाहर निकल जाता था और कई बार सड़क या अन्य स्थानों पर गिरा हुआ पाया जाता था। पुलिस को आशंका है कि रविवार रात या सोमवार तड़के नशे की हालत में नहर के पास चलते समय उसका पैर फिसल गया, जिससे वह नहर में गिर पड़ा। गिरने के दौरान गंभीर चोट लगने से उसकी मौत होने की संभावना जताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह नहर तक कैसे पहुंचा और घटना किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में किसी तरह की हत्या या आपराधिक वारदात के संकेत नहीं मिले हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
