
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर के बीचों-बीच उस वक्त हड़कंप मच गया जब श्रीकांत वर्मा मार्ग रोटरी चौक स्थित नाले से एक युवक का शव बरामद हुआ। सोमवार देर शाम आसपास के लोगों को नाले से तेज दुर्गंध आने पर संदेह हुआ। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी शिकायत नगर निगम और पुलिस प्रशासन से की। शिकायत के बाद जब निगम का सफाई अमला मौके पर पहुंचा और नाले की सफाई शुरू की गई, तब अंदर तैरता हुआ एक शव नजर आया।

जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया गया। बताया जा रहा है कि मृतक युवक की उम्र 30 से 40 वर्ष के बीच की हो सकती है। हालांकि उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के थानों में गुमशुदगी की जानकारी खंगालना शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नाला लंबे समय से गंदगी और पानी से भरा हुआ था। दुर्गंध इतनी तेज थी कि इलाके में लोगों का रहना मुश्किल हो गया था। जैसे ही नाला खोला गया, सभी के होश उड़ गए। अचानक शव मिलने से आसपास के लोग दहशत में आ गए और बड़ी संख्या में भीड़ इकट्ठा हो गई।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मृतक की शिनाख्त में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मामला संदिग्ध है और हर एंगल से जांच की जा रही है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुई इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और सफाई व्यवस्था दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते नाले की सफाई होती तो यह मामला पहले ही सामने आ सकता था। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान और मौत की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी हुई है।
