Wednesday, February 11, 2026
Homeअपराधकार ने मारी टक्कर, फिर घायल बच्ची को ले उड़े युवक –...

कार ने मारी टक्कर, फिर घायल बच्ची को ले उड़े युवक – अपहरण या मदद? अस्पतालों में भटकते रहे परिजन, जांच में जुटी पुलिस…

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक घायल बच्ची को इलाज के नाम पर अज्ञात युवक उठा कर ले गए और अब तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है। इस घटना से इलाके में दहशत और चिंता का माहौल बन गया है।

मामला बलौदा-बिलासपुर मार्ग के पास स्थित बछौद गांव का है। गुरुवार की शाम सात वर्षीय शिवांगी पटेल अपने ननिहाल आई हुई थी और गांव की अन्य बच्चियों के साथ खेल रही थी। खेलते समय एक अज्ञात कार तेज़ रफ्तार में आई और शिवांगी को टक्कर मारते हुए घायल कर गई। हादसे के तुरंत बाद, कार में सवार कुछ युवक नीचे उतरे और घायल बच्ची को बिना परिजनों की अनुमति के इलाज के बहाने अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गए।

इस पूरी घटना की जानकारी जब बच्ची के नाना-नानी और अन्य परिजनों को लगी तो उन्होंने पहले अपने स्तर पर सभी आसपास के अस्पतालों में शिवांगी की खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला। जब बच्ची की जानकारी नहीं मिली तो उन्होंने तत्काल बलौदा थाना पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रमुख अस्पतालों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कार सवार युवक बच्ची को सही मायनों में इलाज के लिए ले गए थे या मामला अपहरण से जुड़ा हुआ है। परिजन बेहद सदमे में हैं और बच्ची की सकुशल वापसी की अपील कर रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही बच्ची का पता लगाया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भी भय और रोष व्याप्त है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts