
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टाटीबंध इलाके में शुक्रवार की शाम एक सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां सर्विस रोड पर खड़ी एक काली थार गाड़ी के अंदर से युवक का अर्धनग्न हालत में शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीरों ने गाड़ी से आ रही तेज बदबू महसूस की, जिसके बाद जब उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो अंदर एक युवक मृत अवस्था में पड़ा मिला। घटना की सूचना तुरंत आमानाका थाना पुलिस को दी गई।

थार से उठी तेज बदबू ने खोला राज
जानकारी के मुताबिक, रालास महिंद्रा शोरूम के सामने स्थित सर्विस रोड से गुजर रहे एक युवक को अचानक दुर्गंध आई। उसने संदेहवश खिड़की से गाड़ी के भीतर झांका तो चौंकाने वाला दृश्य दिखाई दिया। अंदर अर्धनग्न हालत में शव पड़ा था। मृतक की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि मौत को कई दिन बीत चुके हैं।

हादसे के बाद छोड़ी गई थी थार
पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया है कि करीब 15 दिन पहले यह थार गाड़ी भिलाई-3 क्षेत्र में हादसे का शिकार हुई थी। एक्सीडेंट के बाद गाड़ी को खींचकर रायपुर के टाटीबंध स्थित महिंद्रा शोरूम के सामने सर्विस रोड पर खड़ा कर दिया गया था। खास बात यह है कि गाड़ी की खिड़की बंद तो थी, लेकिन लॉक नहीं की गई थी। इसी का फायदा उठाकर कोई व्यक्ति गाड़ी के भीतर घुसा होगा।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम की कार्रवाई
सूचना मिलते ही आमानाका पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। वाहन को तत्काल सील कर दिया गया और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्यूरी भेजा गया है। फॉरेंसिक टीम ने गाड़ी के अंदर से सैंपल इकट्ठा किए हैं, जिन्हें आगे जांच के लिए लैब भेजा जाएगा।

मृतक की पहचान अब तक नहीं
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्ट्स को खंगाला जा रहा है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने की तैयारी चल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक गाड़ी के अंदर कैसे पहुंचा।

रहस्यमयी बन गया मामला
इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पहली बात, यदि गाड़ी हादसे के बाद 15 दिन से वहीं खड़ी थी तो शव कब और कैसे अंदर पहुंचा? दूसरी ओर, गाड़ी से 2-3 और पुरानी सड़ी-गली लाशों की दुर्गंध आने की बात भी सामने आई है, जिससे मामले ने और रहस्यमयी रूप ले लिया है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत का असली कारण स्पष्ट हो सके।
फिलहाल, रायपुर पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानकर गहनता से जांच में जुट गई है। इलाके के लोगों में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है और गाड़ी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं फैल रही हैं।
