रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर शहर में तेजी से बढ़ रही अवैध प्लाटिंग और बिना अनुमति के कॉलोनी विकास पर रोक लगाने के लिए रायपुर नगर निगम ने सख्त कदम उठाया है। जोन क्रमांक 6 के अंतर्गत चंद्रशेखर आजाद वार्ड क्रमांक 60 स्थित चौरसिया कॉलोनी में निगम की टीम ने दो स्थानों पर चल रही अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई करते हुए वहां बनाई गई मुरूम सड़क को जेसीबी से काट दिया। इससे दोनों स्थानों पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया और अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक लग गई।

नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश और जोन 6 के जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव के मार्गदर्शन में नगर निवेश विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई को अंजाम दिया। अधिकारियों के मुताबिक कुछ अज्ञात लोग निजी जमीन पर बिना अनुमति के प्लाटिंग कर जमीन का अवैध रूप से विकास कर रहे थे।

पहली कार्रवाई मानसपुरम रोड के पास करीब एक एकड़ निजी जमीन पर की गई, जहां अवैध रूप से प्लाट काटकर वहां तक पहुंचने के लिए मुरूम सड़क बनाई गई थी। वहीं दूसरी कार्रवाई चौरसिया कॉलोनी में नवरंग पब्लिक स्कूल के पास करीब 3.25 एकड़ भूमि पर की गई, जहां भी इसी तरह अवैध प्लाटिंग की जा रही थी और लोगों के आवागमन के लिए मुरूम डालकर सड़क तैयार की गई थी।
नगर निगम की टीम ने कार्यपालन अभियंता दिनेश सिन्हा, सहायक अभियंता पुकेश कुमार साहू और उप अभियंता अंकुर अग्रवाल की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से दोनों स्थानों की मुरूम सड़क काट दी। इसके बाद वहां चल रही अवैध प्लाटिंग की गतिविधियां तुरंत बंद हो गईं।
निगम अधिकारियों ने कहा कि शहर में बिना अनुमति के कॉलोनियां विकसित करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। हाल के महीनों में भी नगर निगम ने कई जगहों पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण हटाए हैं।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि अवैध प्लाटिंग के खिलाफ शासन ने सख्त कानूनी प्रावधान लागू किए हैं, जिसके तहत दोषियों को तीन से सात साल तक की सजा हो सकती है। नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी अनधिकृत प्लाटिंग या अवैध निर्माण की जानकारी मिले तो तुरंत इसकी सूचना निगम को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
