
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत परसदा गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक खेत में अज्ञात महिला का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। खेत की ओर से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों को शक हुआ, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

जानकारी मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, शव करीब एक सप्ताह पुराना है और पूरी तरह से डीकंपोज हो चुका है। एफएसएल टीम और सीन ऑफ क्राइम विशेषज्ञों की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।

इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज, कच्चांदुर भेजा गया है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। महिला की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
शव की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों को सूचना दे दी गई है और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है। इलाके में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है।
