
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर के रिंग रोड पर सोमवार को एक बड़ा हंगामा देखने को मिला, जब जिला आबकारी विभाग के अधिकारी का चालक नशे में धुत होकर सरकारी वाहन से घूम रहा था। बताया जा रहा है कि चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क किनारे खड़ी एक कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों को भारी नुकसान हुआ और मौके पर अफरातफरी मच गई।

घटना के बाद जब आसपास के लोग पहुंचे, तो चालक ने नशे की हालत में न केवल गाली-गलौज शुरू कर दी, बल्कि विरोध करने वालों के साथ मारपीट पर उतर आया। इससे मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने चालक की जमकर पिटाई कर दी। देखते ही देखते रिंग रोड पर भारी भीड़ इकट्ठी हो गई और पूरा माहौल तनावपूर्ण हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक पूरी तरह शराब के नशे में था और खुद को सरकारी कर्मचारी बताकर लोगों को डराने की कोशिश कर रहा था। लोगों ने बताया कि यह चालक पहले भी कई बार नशे की हालत में वाहन चलाते देखा गया है, लेकिन विभागीय स्तर पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है। लोगों ने मांग की है कि ऐसे लापरवाह कर्मचारियों पर सख्त विभागीय कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
