
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को प्रभावशाली बताकर युवकों और उनके परिचितों से ऑनलाइन और नकद रूप से पैसे वसूले। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला धमधा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, राजनांदगांव निवासी ओमकुमार सिन्हा (31) ने आबकारी विभाग और शराब दुकान में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाकर कई लोगों से रकम ली थी। आरोपी का कहना था कि उसकी विभाग में अच्छी पकड़ है और ऊंचे पद के लिए ज्यादा पैसे देने होंगे।

नौकरी के नाम पर लिया पैसा
धमधा के सोनकर पारा निवासी घनश्याम सोनकर (31) ने 1 जनवरी 2026 को थाना धमधा में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने उसे और उसके परिचितों को सरकारी नौकरी का लालच देकर अलग-अलग किश्तों में पैसे लिए।
रिपोर्ट के अनुसार,
- शुभम सोनकर से 1 लाख रुपये
- गजेंद्र सोनकर से 90 हजार रुपये
- प्रियांश सोनकर से 12 हजार रुपये
- हेम सिंह साहू से 1 लाख 20 हजार रुपये
फोन-पे और स्कैनर के जरिए लिए गए। इसके अलावा प्रियांश सोनकर से 1 लाख 8 हजार रुपये, गजेंद्र सोनकर से 30 हजार रुपये और नागेश नामक व्यक्ति से 37 हजार रुपये नकद वसूले गए। इस तरह आरोपी ने कुल 6 लाख 51 हजार 817 रुपये की ठगी की।
न नौकरी मिली, न पैसा लौटा
काफी समय बीतने के बावजूद जब न तो किसी को नौकरी मिली और न ही पैसे वापस किए गए, तब पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद घनश्याम सोनकर ने पुलिस से शिकायत की।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी ओमकुमार सिन्हा उर्फ ओमप्रकाश को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने नौकरी लगाने के नाम पर धोखाधड़ी करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
