
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी की हत्या कर दी और फिर खुद भी ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें चौंकाने वाली बातें लिखी गई हैं।

क्या है पूरा मामला?
घटना खम्हारडीह थाना क्षेत्र के चंडी नगर इलाके की है। मृतक की पहचान राजेंद्र गुप्ता के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और रायपुर में किराए के मकान में रहकर वेल्डिंग का काम करता था। पत्नी का नाम रेखा गुप्ता बताया जा रहा है।

पहले पत्नी की हत्या, फिर खुदकुशी
जानकारी के अनुसार, किसी विवाद के बाद राजेंद्र गुप्ता ने घर में ही पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद वह घर से निकलकर लभांडी इलाके में रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और ट्रेन के सामने कूदकर अपनी भी जान दे दी।
मिला सुसाइड नोट
पुलिस को राजेंद्र के पास से एक सुसाइड नोट मिला है। पत्र में लिखा है—
“मैं अपनी पत्नी और बच्चों के बिना नहीं रह सकता, इसलिए मैं भी आत्महत्या कर रहा हूं। मेरी मौत के बाद मेरे दोनों बच्चों को मेरे परिजनों को सौंप दिया जाए।”
पुलिस जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही तेलीबांधा और खम्हारडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। दोनों बच्चों के भविष्य को लेकर भी पुलिस परिजनों से बातचीत कर रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
