
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मोहन नगर थाना क्षेत्र के शंकर नगर में रहने वाली 16 वर्षीय छात्रा ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतका की पहचान निष्ठा गोस्वामी (16) के रूप में हुई है, जो सेक्टर-10 स्थित श्री शंकरा स्कूल में कक्षा 11वीं की छात्रा थी।

कमरे में पढ़ने गई, फिर नहीं लौटी बाहर
परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर निष्ठा अपने कमरे में पढ़ने के लिए गई थी। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों को शक हुआ। दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देख परिवार वालों के होश उड़ गए—निष्ठा फंदे से लटकी हुई थी।

घर पर सिर्फ दादी थीं मौजूद
घटना के समय निष्ठा की दादी घर पर थीं, जबकि माता-पिता बाहर गए हुए थे। निष्ठा के पिता सरकारी वकील हैं और मां शासकीय शिक्षिका हैं। वहीं उसके चाचा राहुल गोस्वामी यूथ कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता हैं।

पुलिस को मिला भावुक सुसाइड नोट
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। नोट में निष्ठा ने लिखा—
“सॉरी मम्मी-पापा… मैं जानती हूं जो कर रही हूं वो गलत है, लेकिन फिर भी ये कदम उठा रही हूं। मुझे माफ कर देना। मैं एक अच्छी बेटी नहीं बन पाई। मेरी बहन का ख्याल रखना।”
सुसाइड नोट में आत्महत्या की कोई स्पष्ट वजह नहीं बताई गई है।

आत्महत्या से पहले इंस्टाग्राम अकाउंट किया डिलीट
घटना की जानकारी मिलते ही निष्ठा की सहेलियां उसके घर पहुंचीं। दोस्तों का कहना है कि निष्ठा सामान्य थी और किसी तरह के डिप्रेशन में नजर नहीं आती थी। सहेलियों ने यह भी बताया कि आत्महत्या से पहले निष्ठा ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डी-एक्टिवेट कर दिया था।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
मोहन नगर पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और किशोरी के मोबाइल की जांच भी की जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि वह किसी मानसिक तनाव, पारिवारिक दबाव या अन्य परेशानी से गुजर रही थी या नहीं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और जांच जारी है।
