Saturday, March 28, 2026
Homeअपराधसड़क फिर बनी मौत का मैदान! अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर में...

सड़क फिर बनी मौत का मैदान! अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर में तीन की मौके पर मौत, सड़क पर बिखरी लाशें देख सिहर उठे लोग..!

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। यह घटना पंडरिया थाना क्षेत्र के रहमान कापा गांव के पास की बताई जा रही है। देर शाम तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे जा रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दो युवक और एक महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान पंचराम बैगा और प्रेमलाल बैगा के रूप में की गई है, जबकि महिला की पहचान की पुष्टि के लिए पुलिस प्रयासरत है। घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के वक्त तेज बारिश हो रही थी, जिसके कारण स्थानीय लोगों को दुर्घटना की जानकारी देर से मिली। बारिश थमने के बाद जब राहगीरों ने सड़क किनारे बाइक और शव देखे, तब उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पंडरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजने की तैयारी शुरू कर दी। पुलिस मृतकों के मोबाइल फोन के माध्यम से उनके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है ताकि आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके।

इधर, फरार वाहन चालक की तलाश के लिए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। संभावना जताई जा रही है कि आरोपी किसी भारी वाहन का चालक हो सकता है जो टक्कर के बाद मौके से फरार हो गया।

इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने और आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts