Wednesday, February 11, 2026
Homeअपराधबिलासपुर में नहीं थम रहा चाकूबाजी का सिलसिला, मुंगेली नाका में फिर...

बिलासपुर में नहीं थम रहा चाकूबाजी का सिलसिला, मुंगेली नाका में फिर हुआ हमला, दो गुटों में भिड़ंत के दौरान चला चाकू, VIDEO वायरल, तीन युवक घायल, 4 आरोपी हिरासत में…

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। फिर एक बार मुंगेली नाका क्षेत्र में दो गुटों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट के दौरान चाकूबाजी हो गई। इस घटना में तीन युवक घायल हो गए हैं। पूरी वारदात का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, मुंगेली नाका स्थित ग्राउंड में कांग्रेस पार्टी का एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद लौट रहे कुछ युवकों के बीच गाड़ियों को ओवरटेक करने की बात को लेकर आपसी कहासुनी हो गई। बात बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक पहुंच गई। इस दौरान एक गुट ने हाथ में रखी नुकीली वस्तु से दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। हमले में तीन युवक घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया। शुरुआती जांच में घायलों की चोटें सामान्य पाई गई हैं। वहीं, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विवाद और हमले में शामिल चार युवकों को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। चूंकि घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, इसलिए पुलिस वीडियो का परीक्षण कर रही है ताकि अन्य आरोपियों की पहचान भी की जा सके।

बता दें कि बीते कुछ समय से बिलासपुर में आए दिन चाकूबाजी की घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। लगातार हो रही ऐसी वारदातों ने शहर की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts