बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र से आज सुबह एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया, जहां एक ही खेत में पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ग्रामीणों ने सबसे पहले खेत की मेढ़ पर महिला की लाश देखी, वहीं मात्र 10 कदम की दूरी पर पेड़ से लटका उसके पति का शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतकों की पहचान वार्ड क्रमांक 1 जोगी अमराई निवासी 29 वर्षीय अमित कुमार इंदुआ और उसकी पत्नी अंजू इंदुआ के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि अमित ने तार के सहारे पेड़ में फांसी लगाई थी, जबकि अंजू के चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। जिससे यह शक गहरा गया है कि घटना से पहले दोनों के बीच किसी तरह का विवाद या संघर्ष हुआ होगा। हालांकि मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

मृतक अमित की मां दुरपति बाई ने बताया कि बीती रात अमित अपनी पत्नी और बच्चों के साथ महामाया मंदिर दर्शन करने गया था। देर रात वे घर लौटे और खाना खाकर सो गए। लेकिन रात कब दोनों घर से निकले, इसकी किसी को जानकारी नहीं। सुबह खेत के पास दोनों के शव मिलने की सूचना पर परिजन और ग्रामीणों में मातम पसर गया।

सबसे दर्दनाक स्थिति उनके दो मासूम बच्चों की है — 10 साल की बेटी और 7 साल का बेटा लगातार पूछ रहे हैं कि उनके मां-बाप कहां चले गए। उनकी दादी उन्हें कुछ समझा नहीं पा रही।

पुलिस ने मामला दर्ज कर हर पहलू से जांच शुरू कर दी है — क्या यह आत्महत्या है, हत्या के बाद आत्महत्या या कुछ और? फिलहाल पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।
