मंत्री प्रतिनिधि से मारपीट का वीडियो वायरल, जमीन विवाद का मामला/

कोरबा। छत्तीसगढ़ के मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रतिनिधि राजेंद्र पटेल के साथ मारपीट का वीडियो सामने आया है। दबंगों ने पटेल को सरेआम थप्पड़ मारे, जबकि वे एक जमीनी विवाद को सुलझाने गए थे। यह घटना दादरखुर्द गांव की है, जहां गौ-शाला की जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है।

गौ-शाला की जमीन को लेकर विवाद
गांव के बुजुर्ग किसान बिसाहू यादव की गौ-शाला की जमीन पर प्रोफेसर सुरेश तिवारी और उनका परिवार अपना दावा करता है। मामला SDM कोर्ट में लंबित है, लेकिन गुरुवार को स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब प्रोफेसर तिवारी के परिवार ने गौ-शाला में तोड़-फोड़ की कोशिश की, जिसके बाद पटेल मौके पर पहुंचे।
मंत्री प्रतिनिधि पर हमला
पटेल के अनुसार, प्रोफेसर तिवारी और उनके परिवार ने मौके पर पहुंचकर विवाद को और बढ़ाया। प्रोफेसर तिवारी के बेटे सौरभ ने पटेल को थप्पड़ मारा, जबकि उनकी पत्नी ने डंडे से पटेल पर हमला किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे मामले ने और तूल पकड़ लिया है।

दूसरे पक्ष के आरोप
प्रोफेसर तिवारी के परिवार का आरोप है कि पटेल ने पहले उनकी मां के साथ बदसलूकी की, जिसके चलते विवाद और बढ़ गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
प्रशासन की कार्रवाई
मानिकपुर चौकी प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज की गई है और मामले की जांच की जा रही है। पटेल ने कलेक्टर और एसपी सिद्धार्थ तिवारी से भी न्याय की गुहार लगाई है।
