
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन पर एक यात्री के साथ मारपीट और लूटपाट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। ट्रेन का इंतजार कर रहे युवक पर अज्ञात बदमाशों ने चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया और नकदी समेत मोबाइल लूटकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि घटना के बाद भी जीआरपी थाने में अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक की पहचान नहरपारा निवासी गजालुद्दीन के रूप में हुई है। वह नागपुर जाने के लिए रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर ट्रेन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान कुछ अज्ञात युवक उसके पास पहुंचे और उससे कहासुनी शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों ने अचानक चाकू निकालकर गजालुद्दीन के सिर पर वार कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और प्लेटफॉर्म पर ही गिर पड़ा। इसके बाद बदमाश उसके पास मौजूद करीब 8 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लूटकर मौके से भाग निकले।

घटना के बाद घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील इलाके में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल आरोपी फरार हैं और पुलिस आगे की जांच कर रही है।
