
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे में रेलवे कर्मचारी की जान चली गई। मृतक की पहचान अजय कुमार के रूप में हुई है, जो रेलवे विभाग में टेक्नीशियन ग्रेड-1 (ट्रेन लाइटिंग स्टाफ) के पद पर कार्यरत थे। यह दुर्घटना मुंबई–हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर स्थित प्लेटफॉर्म नंबर 6 के पास सुबह करीब 9 बजे घटित हुई।

जानकारी के अनुसार, अजय कुमार की ड्यूटी सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक की प्रथम पाली में थी। इसी दौरान रायपुर एंड की ओर से गुजर रही एक खाली मालगाड़ी (N/BOX EMPTY) रेल पोल क्रमांक 865/27 के पास स्टेशन से निकल रही थी। तभी किसी अज्ञात कारण से अजय कुमार मालगाड़ी की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है।

शव को ट्रैक से हटाकर भेजा गया मर्क्युरी
घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर ने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को जानकारी दी। इसके बाद आरपीएफ, जीआरपी दुर्ग चौकी पुलिस और रेलवे कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे। सुबह करीब 9:50 बजे शव को ट्रैक से हटाकर मर्क्युरी भेजा गया, ताकि रेल परिचालन को सुचारू रूप से बहाल किया जा सके।

जीआरपी ने शुरू की जांच
दुर्ग जीआरपी चौकी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में इसे दुर्घटना माना जा रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि परिजनों के पहुंचने के बाद पंचनामा कार्रवाई कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
