Thursday, February 12, 2026
Homeअन्य खबरेभारतमाला परियोजना में दर्दनाक हादसा: कंटेनर में खाना बनाते समय सिलेंडर विस्फोट,...

भारतमाला परियोजना में दर्दनाक हादसा: कंटेनर में खाना बनाते समय सिलेंडर विस्फोट, जिंदा जले दो मजदूर, एक ने तोड़ी खिड़की और बचाई जान…

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी से सटे अभनपुर क्षेत्र में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। भारतमाला सड़क परियोजना पर कार्यरत शालीमार कंस्ट्रक्शन कंपनी के मजदूर कैंप में खाना बनाते वक्त गैस सिलेंडर फट गया। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि कंटेनर में भीषण आग लग गई, जिसमें दो मजदूरों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। हालांकि, हादसे के वक्त एक मजदूर ने साहस दिखाते हुए खिड़की तोड़कर अपनी जान बचा ली। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना ने निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों की गंभीरता को एक बार फिर उजागर कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, हादसा शाम करीब 6:30 बजे के आस पास हुआ है। अमरोहा (उत्तर प्रदेश) निवासी बिलाल अली, फरमान अली और शहदाब अली शालीमार कंस्ट्रक्शन कंपनी में मजदूरी कर रहे थे। तीनों कंटेनर के बाहर खाना बना रहे थे, लेकिन बारिश शुरू होने पर वे सिलेंडर को अंदर ले गए. इसी दौरान गैस लीकेज की वजह से आग कंटेनर में फैल गई।

तीनों ने कंटेनर से बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन मुख्य द्वार के पास गैस सिलेंडर रखे होने के कारण रास्ता अवरुद्ध हो गया। वहीं, पीछे का दरवाज़ा बाहर से बंद था, जिससे वे भीतर ही फंसे रह गए। आग और धुएं के कारण तीनों की तबीयत बिगड़ने लगी और वे बेहोशी की हालत में पहुंच गए। इसी दौरान, बिलाल अली ने साहस का परिचय देते हुए एक खिड़की तोड़ दी और बाहर सिर निकालकर लोगों से मदद की गुहार लगाई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे खिड़की से बाहर खींच लिया।

हालांकि, तब तक फरमान अली और शहदाब अली की दम घुटने और झुलसने के कारण घटनास्थल पर ही मृत्यु हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। बिलाल को कुछ मामूली चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार किया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts