
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। सरकंडा थाना क्षेत्र के रपटा पुल के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ है। एक अज्ञात व्यक्ति पुल से नीचे गिर गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक पुल के किनारे-किनारे चल रहा था और अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया। बताया जा रहा है कि वह व्यक्ति नशे की हालत में था, जिसके चलते वह पुल की रेलिंग से नीचे जा गिरा।

घटना होते ही आस-पास के लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में राहगीर और स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सरकंडा थाना पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है ताकि मृतक की पहचान की जा सके।

मौके पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी में जुटी हुई है। फिलहाल व्यक्ति की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों और लापता व्यक्तियों की जानकारी के आधार पर उसकी पहचान की कोशिश कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रपटा पुल के किनारे अंधेरा होने के कारण आए दिन हादसे की आशंका बनी रहती है।
