Thursday, February 12, 2026
Homeअपराधदो बाइकों की टक्कर, युवक नदी में गिरा, 1 की मौत, तीन...

दो बाइकों की टक्कर, युवक नदी में गिरा, 1 की मौत, तीन घायल, परिवार में मचा कोहराम…

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा ग्राम भटली के पास हसदेव नदी पर बने मिनी डेम के ऊपर हुआ, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही भारी पड़ गई।

जानकारी के अनुसार, ग्राम भटली से होकर गुजरने वाली हसदेव नदी पर ग्रामीणों की आवाजाही के लिए एक मिनी डेम का निर्माण किया गया है। इसी डेम के ऊपर से दो बाइकें तेज गति से आ-जा रही थीं। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने और तेज रफ्तार के कारण दोनों बाइकें आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बाइक पर सवार युवक सुमित दास (22 वर्ष), निवासी चांपा, अपनी बाइक समेत अनियंत्रित होकर सीधे हसदेव नदी में जा गिरा।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी। कुछ ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए नदी में गिरे युवक को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक सुमित दास की मौत हो चुकी थी। बाद में कड़ी मशक्कत के बाद शव को हसदेव नदी से बाहर निकाला गया।

इस हादसे में दूसरी बाइक पर सवार विकास यादव, अमन खन्ना और मृतक सुमित दास का छोटा भाई प्रहलाद दास गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही नवागढ़ थाना प्रभारी कमलेश संडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक युवक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, क्षेत्र में भी शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मिनी डेम पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, स्पीड नियंत्रण और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts