Sunday, April 12, 2026
Homeअन्य खबरेआंगनबाड़ी जाते वक्त दर्दनाक हादसा, नाले में डूब गईं दो मासूम बहनें,...

आंगनबाड़ी जाते वक्त दर्दनाक हादसा, नाले में डूब गईं दो मासूम बहनें, हुई मौत, पूरे गांव में मातम…

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। चांदनी बिहारपुर के नवगई गांव में दो मासूम बहनों की नाले में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है और परिजन सदमे में हैं। रो-रोकर उनका बुरा हाल है।

घटना बुधवार सुबह की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, नवगई निवासी 6 वर्षीय पूनम और 4 वर्षीय उर्मिला रोज की तरह घर से आंगनबाड़ी जाने के लिए निकली थीं। रास्ते में झुरहा नाले के किनारे लगे अमरूद के पेड़ पर दोनों बहनें फल तोड़ने चली गईं। इसी दौरान वे खेलते-खेलते नाले के करीब पहुंच गईं। बताया जा रहा है कि नाला सामान्य दिनों में उथला रहता है.

दोनों बहनें नाले को पार करने लगीं और अचानक गहरे हिस्से में पैर फिसलने से दोनों पानी में डूब गईं। आसपास कोई मौजूद न होने के कारण बच्चियों को बचाया नहीं जा सका। कुछ देर बाद जब गांव वालों ने बच्चों की चप्पल नाले के पास पड़ी देखी, तो लोगों को शक हुआ और उन्होंने नाले में तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान दोनों बच्चियों के शव नाले से बरामद हुए।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पहुंची और पंचनामा व अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि झुरहा नाले के खतरनाक हिस्सों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts