
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के रिवर व्यू इलाके में आज दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे अरपा नदी में जा गिरी। हादसे में कार चालक, जो पेशे से डॉक्टर बताए जा रहे हैं, गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे कार क्रमांक CG 10 AT 4851 रिवर व्यू क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान निर्माण कार्य चलने के कारण सड़क की स्थिति खराब थी। तेज गति के चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार फिसलते हुए अरपा नदी में गिर गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को कार से बाहर निकाला गया। घायल डॉक्टर को पहले सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे की वजह तेज रफ्तार के साथ-साथ सड़क पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होना भी हो सकता है। फिलहाल कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
