
भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। युवक का शव उसके किराए के मकान में फंदे से लटका मिला, लेकिन शरीर पर चोट के निशान मिलने से मामला उलझ गया है। पुलिस इसे आत्महत्या मानकर जांच शुरू कर चुकी है, वहीं परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। घटना स्मृति नगर चौकी क्षेत्र की है।

क्या है मामला?
मृतक की पहचान मोहन रामटेक (42) के रूप में हुई है, जो पिछले तीन महीनों से कॉलोनी में किराए पर रहकर पेंटिंग का काम कर रहा था। शनिवार सुबह मकान मालिक को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अंदर युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिला। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है, जिसने मामले को और रहस्यमय बना दिया है।

परिवार ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के भाई नवीन रामटेके का कहना है कि मोहन का किसी से कोई बड़ा विवाद सामने नहीं आया था, लेकिन शरीर पर चोट के निशान कई सवाल खड़े करते हैं। उनका मानना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या भी हो सकती है।
परिवार के मुताबिक, घटना के समय घर में कोई नहीं था क्योंकि सभी लोग उनकी मां के इलाज के लिए अस्पताल में मौजूद थे। उसी दौरान यह घटना हुई।

जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। साक्ष्य जुटाए गए हैं और सुसाइड नोट को जांच के लिए जब्त किया गया है।
एडिशनल एसपी सिटी सुखनंदन राठौर ने बताया कि, युवक का शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
सुसाइड नोट और शरीर पर मिले चोट के निशानों समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और सुसाइड नोट की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह आत्महत्या है या हत्या।
भिलाई नगर सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि, घटनास्थल से सुसाइड नोट बरामद हुआ है। जिसमें कुछ नाम आए हैं जिसकी जांच की जा रही है। फिलहाल, पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है। सुसाइड नोट में आए नामों की भी पड़ताल की जा रही है।
सस्पेंस बरकरार
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और सुसाइड नोट की जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी।
