
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के बैजनाथपारा इलाके में 15 दिसंबर की आधी रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। हादसे के दौरान कई लोग बाल-बाल बच गए। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।

बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो चला रहा युवक राहुल ठाकुर है, जो खुद को यूथ कांग्रेस का प्रदेश सचिव बताता रहा। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर स्थानीय लोगों ने जब विरोध किया तो विवाद और बढ़ गया। देखते ही देखते गुस्साए लोगों ने युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। आरोपी को हिरासत में लेकर स्कॉर्पियो जब्त कर ली गई है। वाहन पर “यूथ कांग्रेस प्रदेश सचिव” लिखा हुआ पाया गया है, जिससे मामला और गरमा गया।

घटना के बाद इलाके के लोग बड़ी संख्या में कोतवाली थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है।
इधर कांग्रेस पार्टी ने मामले से दूरी बनाते हुए स्पष्ट किया है कि राहुल ठाकुर न तो कांग्रेस का पदाधिकारी है और न ही किसी विंग का कार्यकर्ता। कांग्रेस के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि प्रारंभिक जांच में उसकी पार्टी सदस्यता भी सामने नहीं आई है।

कोतवाली सीएसपी केसरी नंदन नायक ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। उसके खिलाफ पहले से भी कुछ मामले सामने आए हैं। साथ ही आरोपी के पास से अवैध सामग्री भी जब्त की गई है। पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करेगी।
