
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। हरदी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम रलिया स्थित लिममुंडा बस्ती में एक युवती ने गुस्से में आकर अपने ही पिता की गला काटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 55 वर्षीय अशोक कुमार केवट के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, अशोक कुमार केवट की पत्नी और तीनों बेटियां बीते 8 वर्षों से उससे अलग रह रही थीं। आरोप है कि अशोक अपनी पत्नी और बड़ी बेटी के चरित्र पर लगातार संदेह करता था, जिससे पारिवारिक विवाद गहराता चला गया और परिवार अलग रहने लगा।

जमीन के मुआवजे को लेकर गांव आई थीं पत्नी-बेटियां
9 फरवरी को अशोक की पत्नी और तीनों बेटियां जमीन के मुआवजे की रकम लेने गांव पहुंची थीं और वहीं रुकी हुई थीं। इसी दौरान सोमवार देर रात करीब 2 बजे अशोक और उसकी बड़ी बेटी गीता केवट (27) के बीच पैसों को लेकर विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान अशोक ने अपनी बेटी के लिए अपशब्द कह दिए, जिससे गीता आपे से बाहर हो गई। गुस्से में आकर उसने घर में रखी हंसिया से पिता के जबड़े और गले पर वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद खुद रिश्तेदारों को दी सूचना
घटना को अंजाम देने के बाद गीता खुद घर से बाहर निकली और रिश्तेदारों को बताया कि उसने अपने पिता की हत्या कर दी है। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां अशोक का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला।

पिता था शराब का आदी
पुलिस के मुताबिक, मृतक अशोक केवट आदतन शराबी था और उसकी हरकतों से तंग आकर पत्नी और बेटियां कोरबा शहर में अलग रहने लगी थीं। अशोक द्वारा बार-बार चरित्र पर सवाल उठाना भी इस घटना की बड़ी वजह मानी जा रही है।

यूट्यूबर होने को लेकर भी रही चर्चा
आरोपी गीता केवट सोशल मीडिया और यूट्यूब पर सक्रिय थी। कुछ दिन पहले उसने एक शिक्षाकर्मी युवक के साथ वीडियो पोस्ट किया था, जो वायरल हो गया था। इसके बाद युवक ने साइबर सेल में शिकायत भी दर्ज कराई थी।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
एएसपी लखन पटले ने बताया कि रात में विवाद के बाद गीता केवट ने हंसिया से पिता की गला काटकर हत्या की है। वहीं हरदी बाजार थाना प्रभारी प्रमोद डनसेना ने कहा कि आरोपी बेटी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।
