Friday, March 20, 2026
Homeअपराध5 दिन में 1.47 करोड़ कैश पकड़ाया: ओडिशा से बिना डॉक्यूमेंट लेकर...

5 दिन में 1.47 करोड़ कैश पकड़ाया: ओडिशा से बिना डॉक्यूमेंट लेकर आ रहे थे छत्तीसगढ़, हवाला कनेक्शन की आशंका, IT डिपार्टमेंट करेगा जांच…

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने बीते 5 दिनों में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ 47 लाख 50 हजार रुपए नकद जब्त किए हैं। यह रकम अलग-अलग मामलों में ओडिशा से छत्तीसगढ़ आ रहे व्यापारियों के पास से बरामद की गई। खास बात यह है कि इनमें रायपुर का एक व्यापारी भी शामिल है।

यह कार्रवाई छत्तीसगढ़-ओडिशा अंतरराज्यीय सीमा पर लगाए गए चेकपोस्ट्स में अलग-अलग थाना पुलिस द्वारा की गई। पुलिस के अनुसार, सभी मामलों में आरोपियों के पास इतनी बड़ी नकदी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं थे, जिसके चलते संदेह गहराया है।

हवाला एंगल की भी जांच

प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि यह रकम हवाला कारोबार से जुड़ी हो सकती है। फिलहाल सभी मामलों में जब्त कैश और दो लग्जरी वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की जांच के लिए इनकम टैक्स विभाग को सौंप दिया गया है।

अलग-अलग मामलों में ऐसे हुई कार्रवाई

🔹 बसना थाना (20 मार्च)
पलसापाली नाके पर पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली। इसमें सवार रायपुर निवासी आशु बंसल और ड्राइवर के पास से 32 लाख 50 हजार रुपए नकद बरामद हुए। दोनों पैसे से जुड़े कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके।

🔹 बलौदा थाना (20 मार्च)
सिरपुर नाके पर ओडिशा नंबर की एक्सयूवी कार से 15 लाख रुपए कैश जब्त किया गया। कार में सवार युवक भी रकम के स्रोत का प्रमाण नहीं दे सके।

🔹 कोमाखान थाना (16 मार्च)
वाहन चेकिंग के दौरान एक कार से 75 लाख रुपए नकद मिले। पूछताछ में सामने आया कि यह रकम रायपुर के सराफा व्यापारियों को देने ले जाई जा रही थी, लेकिन कोई वैध कागजात नहीं मिले।

🔹 पटेवा थाना (19 मार्च)
नेशनल हाईवे-53 पर चेकिंग के दौरान एक लग्जरी कार से 25 लाख रुपए बरामद हुए। आरोपी ने बताया कि वह रायपुर में फ्लैट खरीदने जा रहा था, लेकिन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस की कार्रवाई और आगे की जांच

पुलिस ने सभी मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 के तहत कैश और वाहनों को जब्त किया है। पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर यह कदम उठाया गया।

एडिशनल एसपी प्रतिभा पाण्डेय के मुताबिक, इतनी बड़ी नकद राशि के लेन-देन की जांच अब इनकम टैक्स विभाग करेगा। शुरुआती तौर पर इसे व्यापारिक लेन-देन बताया जा रहा है, लेकिन सभी एंगल से जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts